
जांजगीर-चांपा। विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होना है। इस लिहाज से अब सिर्फ दो दि नही जनसंपर्क किया जा सकता है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी हर जगह पहुंचने की जुगत में है। भाजपा प्रत्याशी नारायण चंदेल ने कलेश्वरनाथ के चरणों में मत्था टेंकने के बाद उन्होंने पीथमपुर गांव से जनसंपर्क अभियान प्रारंभ किया। जांजगीर चांपा सीट के भाजपा प्रत्याशी नारायण चंदेल कल सुबह पीथमपुर गांव पहुंचे। यहां भगवान कलेश्वरनाथ के दरबार में पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों के खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने पीथमपुर गांव के विभिन्न मोहल्लों में जनसंपर्क कर आशीर्वाद मांगा। इसके बाद श्री चंदेल ने क्षेत्र के हीरागढ़ सहित अन्य गांवों में पहुंचकर लोगों को संबोधित भी किया।इस दौरान श्री चंदेल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाने के बाद भी शराब बंदी नहीं की गई। कांग्रेस पर लोगों को छलने का आरोप लगाया। वहीं उन्होंने भाजपा सरकार के राज्य में 15 साल की उपलब्धि और मोदी गारंटी की जानकारी देते हुए लोगों से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।




























