
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा (48) ने साहस और सूझबूझ से अपनी प्राणरक्षा की। उदयपुर क्षेत्र में रात्रि गश्त कर वापस थाना लौट रहे प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा लघुशंका के लिए रुके थे। उसी दौरान एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। लगभग पांच मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चला। प्रधान आरक्षक ने साहस और सूझबूझ से भालू के मुंह के पास जोरदार मुक्का मारा। इसके बाद भालू वहां से भाग निकला। लहूलुहान अवस्था में बुलेट चलाते हुए प्रधान आरक्षक खुद अस्पताल पहुंचे। मेडिकल कालेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद प्रधान आरक्षक को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रिफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा की ड्यूटी सोमवार रात उदयपुर नगरीय क्षेत्र में लगी थी। वे बुलेट से निकले थे। उदयपुर क्षेत्र में गश्त के बाद रात लगभग 12 बजे वे बुलेट से ही थाना वापस लौट रहे। उदयपुर नगरीय क्षेत्र से थोड़ी दूरी पर थाना है। उदयपुर से निकल कर वे थाना जा रहे थे। रास्ते मे डूमरडीह के समीप लघुशंका के लिए वे रुके थे। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे वहां एक बरगद का पेड़ है। इसी पेड़ के पास एक भालू छिपा हुआ था। भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले से प्रधान आरक्षक के सिर के हिस्से में गंभीर जख्म आया। उनका चेहरा लहुलुहान हो गया। इसके बाद भी प्रधान आरक्षक ने हिम्मत नहीं हारी। वे भालू से ही भिड़ गए। दोनों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। प्रधान आरक्षक ने हौसले के साथ भालू के सिर के पास जोरदार मुक्का मारा। भालू से संघर्ष के दौरान प्रधान आरक्षक बुरी तरह जख्मी हो गए थे लेकिन भालू वहां से भाग निकला। प्रधान आरक्षक ने बिना देरी किए फिर से बुलेट स्टार्ट किया।
वहां से वे सीधे उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। घटना की जानकारी प्राप्त होने पर थाना प्रभारी उदयपुर द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियो को घटना से अवगत कराया गया, घटना को संज्ञान मे लेकर पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा द्वारा थाना प्रभारी उदयपुर को तत्काल जख़्मी प्रधान आरक्षक के समुचित इलाज हेतु दिशा निर्देश दिए गए थे।जख़्मी प्रधान आरक्षक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर मे प्राथमिक इलाज के पश्चात अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। इलाज की प्रकिया तत्काल शुरू कराई गई, भालू के हमले से गंभीर रूप से जख़्मी होने के कारण चिकित्सकों द्वारा प्रधान आरक्षक के क्रिटिकल केयर हेतु हायर सेंटर रायपुर रिफर किया गया हैं, प्रधान आरक्षक का रायपुर मे चिकित्सकों की टीम द्वारा समुचित इलाज किया जा रहा हैं। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा प्रधान आरक्षक के परिवार को प्रधान आरक्षक के समुचित इलाज हेतु आश्वस्त किया गया है। उदयपुर क्षेत्र के जंगलों में भालुओं की संख्या अधिक है। अक्सर भालू आबादी क्षेत्र और सडक़ों के आसपास विचरण करते हैं। इस क्षेत्र में अक्सर भालुओं के हमले से लोग जख्मी होते हैं।
कुछ दिन पहले एक भालू असुरक्षित कुएं में भी गिर गया था। कुछ दिनों पहले तक इस क्षेत्र में जंगली हाथियों का स्वच्छंद विचरण हो रहा था। हाथियों का दल इस क्षेत्र से चला गया है लेकिन भालू अब उदयपुर के आसपास विचरण कर रहे हैं।























