हाथी समस्या बेकाबू हुई, हमले में होने वाली मृत्यु पर दिए जाएंगे 7.50 लाख रूपये

कोरबा । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस पर जमकर बरसते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी जमकर निशाने साधे। उन्होंने यहां तक कह दिया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर हमारी सरकार घोटाला करने वालों को उल्टा लटकाकर सीधा करेगी, कोई नहीं बचेगा।
जिले के घंटाघर ओपन आडिटोरियम में भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने डॉ. रमन के नेतृत्व में विकसित राज्य बनाया। राज्य में सरकार बना दीजिए, हम राज्य को शिक्षा का हब बनाएंगे। एक लाख युवाओं को रोजगार भी देंगे। प्रदेश में सीआईटी बनायेंगे। कांग्रेस ने शराब बंदी नहीं की, बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। इस सरकार ने मंडी टैक्स बढ़ा दिया, पेंशन नही दिया। प्रति वर्ष चार सिलेंडर देना था वह भी नहीं दिया, यह सब आपको भाजपा देगी। हाथियों के हमले से मौत होने पर 7 लाख 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भूपेश काका के राज में आए दिन माताओं-बहनों के साथ अन्याय और अत्याचार होता है। हमने गारंटी दी है कि कमल की सरकार बनने पर महतारी वंदन योजना के तहत हर माता बहन को 12 हजार रुपया प्रति माह दिया जाएगा। भूपेश काका को मालूम है कि वे आने वाले नहीं हैं, इसलिए उन्होंने कुछ ज्यादा देने की घोषणा कर दी लेकिन जिनकी खुद की कोई गारंटी ना हो उसकी गारंटी को भला कौन मानेगा इस चुनाव में एक तरफ भाजपा है और दूसरी तरफ कांग्रेस। कांग्रेस का मतलब है विनाश, भ्रष्टाचार, अत्याचार और आपके हकों पर डाका डालना। भाजपा का मतलब है विकास, तरक्की, लोगों की सरकार, विकास की सरकार, महिला सशक्तिकरण करने वाली सरकार, किसानों के हितों की रक्षा करने वाली सरकार और अनुसूचित जनजाति के भाइयों-बहनों को मुख्यधारा में खड़ा करने वाली सरकार।
उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने प्रदेश में घोटाले पर घोटाला किया है। हजारों करोड़ के घोटाले करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। यहां तक कि गोबर घोटाला करने का काम भी इन्होंने ही किया है। जो वादा किया था कांग्रेस सरकार ने नहीं निभाया है। इस बार तीन बार दिवाली मनाएंगे। एक दिवाली आप मना चुके हैं। दूसरी दिवाली 3 दिसंबर को अपने प्रत्याशी की जीत और भाजपा की सरकार बनने पर मनाएंगे। तीसरी दिवाली 22 जनवरी को रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा पर मनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आप सबको प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही अयोध्या की बारी-बारी निशुल्क यात्रा भी कराई जाएगी।

RO No. 13467/11