देहरादून, १९ नवंबर । भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि स्थानीय निकायों की चुनाव प्रक्रिया में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही सीमा विस्तार में नए क्षेत्रों के निकायों में जुडऩे से परिसीमन और मतदाता सूची की प्रक्रिया को भी पूरा करने में समय लगना तय है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक बाध्यता के कारण नगर निकाय चुनावों में देरी स्वाभविक है। कोठारी ने शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में निकाय चुनाव समय पर न होने से संबंधित प्रश्न के उत्तर में यह बात कही। उन्होंने इस मामले में विपक्ष कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप भी लगाया। श्रमिकों को निकालने को जारी हैं सर्वाच्चि प्रयास सिलक्यारा में निर्माणाधीन सुरंग में श्रमिकों के फंसने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों को लेकर सभी चिंतित हैं। उन्हें निकालने को सर्वोच्च प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं बचाव अभियान की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ले चुके हैं। केंद्र सरकार निरंतर मानीटरिंग कर रही है। राज्य सरकार के मंत्रियों के मौके पर न पहुंचने और तकनीकी कमी के विपक्ष के आरोपों की उन्होंने कड़ी आलोचना की।साथ ही कहा कि इससे अधिक क्या हो सकता है कि मुख्यमंत्री ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और वह पल-पल का अपडेट ले रहे हैं। देश के श्रेष्ठ विशेषज्ञ और विश्व की बेहतरीन तकनीक मौके पर हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही सुरंग में फंसे सभी 41 श्रमिक सुरक्षित हम सबके मध्य होंगे। असल और नकल में होता है बड़ा फर्क भाजपा की तरह सांगठनिक ढांचा दुरुस्त करने के कांग्रेस के दावों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि असल और नकल में बड़ा फर्क होता है। भाजपा विचारधारा व सेवा समर्पण भाव वाले कार्यकर्ताओं का विश्व का सबसे बड़ा और सर्वश्रेष्ठ राजनीतिक संगठन है। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस को तो हमें समझने में ही दशकों लग जाएंगे, बनाना तो लगभग असंभव है।