
शाहपुरा, । राजस्थान में सत्ता पाने के लिए भाजपा खूब जोर लगा रही है। भाजपा के बड़े नेता राजस्थान में अलग-अलग इलाकों में प्रचार कर रहे हैं। वहीं देश के रक्षा मंत्री और राजस्थान में भाजपा के स्टार प्रचारकों में से एक राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी और विश्वसनीय राजनीतिक पार्टी है, जो वादा हमने किया है उसे जरूर पूरा करेंगे।शाहपुरा में एक सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच साल में केवल वही काम किए हैं जिससे राजस्थान की अस्मिता और गरिमा पर दाग लगा है। हमारी पार्टी में एक व्यक्ति गलत हो सकता है लेकिन हमारी पार्टी गलत नहीं हो सकती।आगे बोले केंद्र के वादों के बारे में राजनाथ सिंह बोले कि हमने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का वादा किया था और हमने यह किया। हमने वादा किया था कि अयोध्या में राम मंदिर बनाया जाएगा और अब आप सभी को 22 जनवरी को भगवान राम के दर्शन के लिए आमंत्रित करता हूं। आगे बोले कि राज्य के लिए चुनाव घोषणापत्र में लिखे सभी वादे पूरे किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि पहले, जब भारत कुछ कहता था, तो विश्व के देश हमें एक कमजोर राष्ट्र मानकर हमारी राय को नजरअंदाज कर देते थे। लेकिन अब आप गर्व कर सकते हैं कि पूरी दुनिया भारत की ओर देखती है कि उसे क्या कहना है। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती अन्य चार राज्यों – मिजोरम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के साथ 3 दिसंबर, 2023 को होगी। 2018 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 99 सीटें जीतीं, जबकि 200 सदस्यीय सदन में भाजपा 73 सीटों पर समाप्त हुई। बसपा विधायकों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से गहलोत ने सीएम पद की शपथ ली थी।
































