
बलरामपुर। अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर औराझरिया के समीप युवती की लाश मिलने के मामले में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। प्रथम दृष्टया ही मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका बस से अंबिकापुर निकली थी लेकिन उसके साथ कोई था,वह किस काम से निकली थी ,इन सारे सवालों के जबाब पुलिस को अभी तक नहीं मिल सकी है। सोमवार को स्वजन की उपस्थिति में पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। स्वजन की ओर से भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतका पूजा पनिका मूलत: ग्राम सपना थाना अंबिकापुर की रहने वाली थी। पुलिस की अभी तक की जांच में पता चला है कि मृतका अंबिकापुर गांधी चौक के एक निजी कंसलटेंसी कंपनी के कार्यालय में रिसेप्शनिस्ट का कार्य करती थी। वह 16 नवंबर को वहां से वोट डालने के जाने के नाम पर निकली थी। उसके बाद वह गांव पहुंची थी। बीते रविवार को वह स्कूटी से अपने गांव सुखरी सपना से काम पर जाने के नाम पड़ निकली थी, परंतु वह कार्यस्थल पर नहीं पहुंची। शाम को औराझरिया के समीप उसकी लाश मिली थी। मृतका के पास एक पर्स भी मिला था। पर्स में सात एटीएम कार्ड, एक लाख का ब्लेंक चेक, पांच हजार 70 रुपये नकद व एक मोबाइल मिला था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। सोमवार को एफएसएल की टीम ने भी जांच की।स्वजन कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।पता चला है कि मृतका बस से बलरामपुर तक आई थी।लेकिन वह औराझरिया घाट में कैसे पहुंच गई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। युवती अकेले ही थी या साथ मे कोई और भी था।इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है। एसडीओपी जितेंद्र खूंटे ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल पाएगा। युवती बलरामपुर किसके साथ और क्यों आई थी। उक्त तथ्यों की जांच भी पुलिस कर रही है।




















