
भटगांव। बंशीपुर में इन दिनों हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर बस्ती की ओर पहुंच रहे हैं। इस दौरान हाथियों ने एक मवेशी को कुचल कर मार डाला। इलाके के लोग डरे सहमे रात बिताने मजबूर हैं। बंशीपुर क्षेत्र में हाथियों द्वारा ग्रामीणों की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कुछ साल पहले भी हाथियों ने इस क्षेत्र में लंबे समय तक आतंक मचाया था। इन्हें भगाने के लिए वन विभाग को काफी मेहनत करनी पड़ी थी। एक बार फिर ऐसा ही नजारा बंशीपुर में देखने को मिल रहा है। जहां शाम होते ही हाथी इंसानी बस्ती में पहुंच रहे हैं। यहां के लोग शाम होने के बाद अपने घर के दरवाजे बंद कर लेते हैं ताकि हाथी उनको नुकसान न पहुंचा सके। जंगल से निकलकर हाथी आए दिन इंसानी बस्ती में भोजन की तलाश में पहुंच जाते हैं। फिलहाल हाथियों के बस्ती में घुसने के कारण किसी बड़े हादसे को टालने वन विभाग की टीम अलर्ट है। मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है। वन विभाग जल्द से जल्द हाथियों को जंगलों के अंदर खदेडऩे की तैयारी कर रहा है।
























