हाथ-पैर बांध,मुंह मे कपड़ा ठूंस पत्नी पर पेट्रोल छिड़क जलाया,मौत

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम मदनपुर में दिल दहला देने वाली घटना हुई है।यहां चरित्र शंका पर पति ने पत्नी के हाथ,पैर बांध मुंह मे कपड़ा ठूंस कर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। बुरी तरह झुलसी विवाहिता की मेडिकल कालेज अस्पताल में मौत हो गई।महिला को पहले वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष मृत्यु पूर्व बयान में महिला ने पति द्वारा आग लगा देने की जानकारी दी है। घटना के बाद से पति फरार है। सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोवर्धनपुर निवासी देवसाय ने बताया कि उनकी पुत्री नेहा (28) का मदनपुर निवासी युवक के साथ नौ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। दोनों की दो बेटियां हैं। आरोप है कि दो बेटी जन्म लेने के बाद से पति का व्यवहार पत्नी के प्रति बदल गया था। चरित्र शंका को लेकर अक्सर पति द्वारा पत्नी से मारपीट किया जाने लगा ?। मारपीट और विवाद के कारण महिला वापस अपने मायके में आकर रहने लगी थी। दीपावली के कुछ दिन पहले पति उसे लेने आया था। पंचायत के साथ-साथ पुलिस चौकी के सामने समझौता करा कर पिता ने पुत्री को वापस उसके ससुराल भेजा था। सोमवार की दोपहर एक बजे नेहा के आग से झुलसने की खबर पर मायके पक्ष के लोग वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचे थे। पिता ने बताया कि वहीं अस्पताल में उसकी पुत्री का बयान दर्ज किया गया। जिसमें उसने अपने पति पर आरोप लगाते हुए पूरी बात बताई। हालांकि उस समय अस्पताल में उसका पति भी मौजूद था। वहां से महिला को रिफर करने पर मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर लाकर दाखिल कराया गया। यहां सोमवार की रात 8.30 बजे जैसे ही महिला ने दम तोड़ा वैसे ही उसका पति अस्पताल से भागने लगा। मायके पक्ष के लोगों ने उसे पकड़कर मोटरसाइकिल में बैठा पुलिस को सौंपने की कोशिश की ,परंतु वहां से कूद कर वह फरार हो गया। मामले में पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है। आगे की जांच के लिए केस डायरी वाड्रफनगर पुलिस चौकी भेजी जा रही है। मृतका के पिता देवसाय का कहना है कि मौत से पहले बेटी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने पत्नी के हाथ व पैर बांध दिए थे। अपने पास एक टांगी रखी थी। वह लगातार पत्नी से उसके चरित्र को लेकर सवाल कर धमका रहा था। इतना ही नहीं युवक कथित रूप से यह भी बोल रहा था कि तुम्हें जल्दी मरना है या और जीना चाहती हो। अचानक उसने पत्नी के मुंह मे कपड़ा भर दिया ताकि चीखने की आवाज न निकले। फिर उसने पेट्रोल छिड़क माचिस मार दिया। पड़ोसियों को जानकारी लगने पर पति ने गुमराह भी किया। अस्पताल ले जाने के दौरान भी वह साथ में ही था।

RO No. 13467/11