
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के तर्ज पर बिहार में भी हलाल कारोबार एवं प्रोडक्ट्स पर बैन लगाने की मांग की है।गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार को लिखे पत्र में हलाल कारोबार को भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र में ना सिर्फ संविधान के खिलाफ़ बल्कि देशद्रोह भी बताते हुए कहा कि बिहार जैसे बड़े राज्य में भी हलाल उत्पादों के नाम पर चल रहे एक प्रकार के जिहाद के खिलाफ प्रतिबंध लगाया जाए। गिरिराज सिंह ने हलाल सर्टिफिकेशन के नाम पर भारत के बाजार का इस्लामीकरण करने का आरोप लगाते हुए इसके लिए कांग्रेस और वोट बैंक की पॉलिटिक्स करने वाले अन्य राजनीतिक दलों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसे जजिया कर और शरिया कानून बताते हुए बिहार के सीएम से तुरंत कार्रवाई की मांग की।





















