
रायपुर, २५ नवंबर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजस्थान में 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने की भाजपा की घोषणा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तंज कसा है। सोशल मीडिया एक्स पर भाजपा के पोस्टर को साझा करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने लिखा है कि पीएम तो पूरे देश का होता है, फिर वह राज्यों की जनता के साथ भेदभाव कैसे कर सकता है। आगे लिखा कि पीएम मोदी की गलत नीतियों के कारण ही देशवासी महंगाई से त्रस्त हैं। यह तो उन्होंने भी स्वीकार कर लिया है। भूपेश ने लिखा कि अगर मोदी की गारंटी है तो पूरे देश में 450 रुपये में सिलेंडर दे दीजिए, जनता को केंद्र सरकार के प्रकोप से कुछ तो राहत मिलेगी ही। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गैस सिलेंडर में 500 रुपये की सब्सिडी महिलाओं के खाते में देने का वादा किया है। वहीं भाजपा ने भी 500 रुपये में हर गरीब परिवार को गैस सिलिंडर देने का दावा किया है। इसी तरह मध्य प्रदेश में भी भाजपा ने 450 रुपये में तो कांग्रेस ने 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने की घोषणा की है। राजस्थान में तो कांग्रेस गरीब महिलाओं को 400 रुपये में गैस सिलेंडर देने की बात कह रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सोशल मीडिया एक्स पर साझा किए गए पोस्ट पर रायपुर सांसद सुनील सोनी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री यह मानकर चल रहे हैं। कि यहां भाजपा की सरकार आ रही है और हम मोदी की गारंटी को पूरा करेंगे। भूपेश चिंता ना करें। भले ही आपकी कांग्रेस ने लोगों से झूठा वादा किया होगा पर हमारी सरकार आ रही है तो हम सस्ता सिलेंडर देंगे। उनके बयान से स्पष्ट हो रहा है कि उन्होंने हार स्वीकार ली है। बघेल लोगों को गुमराह करने की राजनीति ना करें।





















