करोड़ों की गड़बड़ी के मामले को दबाने का प्रयास

बिश्रामपुर। एसईसीएल के भटगांव समेत अन्य क्षेत्रों में किर्लोस्कर पंप एवं अन्य मशीनी उपकरणों के करोड़ों रुपए लागत के स्पेयर पार्ट्स की खरीदी में कंपनी के दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर भारी गड़बड़ी किए जाने की शिकायत के मामले में विजिलेंस जांच शुरू होते ही मामले को दबाने के प्रयास तेज होने की जानकारी संबंधित सूत्रों के हवाले से मिली है। शिकायत के मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय के आदेश के बाद एसईसीएल के चीफ विजिलेंस ऑफिसर पूरी टीम के साथ भटगांव क्षेत्र पहुंचे थे और उन्होंने जांच पड़ताल भी की थी। उसके बाद विजिलेंस टीम कथित गड़बड़ी से संबंधित अनेक फाइलों को अपने साथ ले गई है। बता दें कि एसईसीएल भटगाँव क्षेत्र समेत अन्य क्षेत्रों में नियमो को ताक पर रखकर करोड़ो रूपये लागत के स्पेयर पार्ट्स की खरीदी को लेकर एसईसीएल में उपकरण खरीदी घोटाले की शिकायत पीएमओ पहुंची शीर्षक से समाचार का प्रकाशन भी किया था। समाचार में उल्लेखित किया गया था कि एसईसीएल भटगांव क्षेत्र समेत बैकुंठपुर, चिरमिरी, रायगढ़, जोहिला, विश्रामपुर आदि क्षेत्रों में कंपनी के आला अधिकारियों एवं कंपनी के सतर्कता विभाग के कथित अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों का उल्लंघन करते हुए करोड़ों रुपए लागत के स्पेयर पार्ट्स की खरीदी कर कंपनी को भारी क्षति पहुंचाये जाने की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय समेत कोयला मंत्री, कोल इंडिया चेयरमैन एवं अन्य संबंधित विभागों में की गई है। निर्धारित समय सीमा से काफी अधिक समय से संचालित विभिन्न पंपों के स्पेयर पार्ट्स की खरीदी पंप की खरीदी कीमत से भी कई गुना अधिक लागत से की जा रही है। बताया गया था कि एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में एल्कोन मेक कंपनी के गेयर बॉक्स व फीडर ब्रेकर के स्पेयर पार्ट्स तथा एलेन बेरी कंपनी के गियर बॉक्स के स्पेयर पार्ट्स की खरीदी केवल भटगांव क्षेत्र में पांच करोड रुपए से अधिक की गई है। वही शिकायत में बताया गया है कि किर्लोस्कर पंप के स्पेयर्स पार्ट्स की खरीदी में कंपनी के दिशा निर्देशों का उल्लंघन करते हुए भटगांव क्षेत्र समेत अधिकांश क्षेत्रों में दो वर्षों में करोड़ो रुपए लागत से स्पेयर पार्ट्स की खरीदी की गई है, जो निर्धारित पंप की खरीदी कीमत से कई गुना अधिक है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय ने एसईसीएल प्रबंधन व छत्तीसगढ़ शासन को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही का निर्देश दिया है। कंपनी के दिशा निर्देशों का उल्लंघन करते हुए करोड़ो रूपये लागत के स्पेयर पार्ट्स की खरीदी किये जाने को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में की गई शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय से दिए गए जांच के निर्देश के बाद एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी जयंत कुमार खमारी पूरी टीम के साथ एसईसीएल भटगांव क्षेत्र पहुंचे थे। उन्होंने शिकायतों की वास्तविक हकीकत जानने संबंधित खरीदी दस्तावेजों की जांच पड़ताल की और वे उसका बारीकी से अध्ययन करने अनेक खरीदी मामलों के दस्तावेजों को भी अपने साथ ले गए हैं। करोड़ों रुपए के स्पेयर पर्ट्स की खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद विजिलेंस विभाग की टीम द्वारा जांच प्रारंभ होते ही मामले में संलिप्त कथित अधिकारियो एवं सप्लायरों में खलबली मच गई है। संबंधित सूत्रों की माने तो मामले को दबाने की भी कवायद तेज हो गई है। मामले में लीपापोती की हर संभव कोशिश की जा रही है।

RO No. 13467/11