भाजपा ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर जल बोर्ड मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया

नईदिल्ली, ०१ दिसम्बर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आप सरकार द्वारा संचालित जल आपूर्ति निकाय में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को दिल्ली जल बोर्ड के मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जल बोर्ड सीवरेज शोधन संयंत्रों (एसटीपी) के उन्नयन के लिए फर्जी निविदाएं जारी कर ”घोटाला” कर रहा है। भाजपा नेताओं के आरोपों पर जल बोर्ड या आप सरकार की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई हैं। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जल बोर्ड का ”घोटाला” केजरीवाल सरकार के ”शराब घोटाले” से भी बड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल बोर्ड में ऐसे कई मामले हैं, जिनमें निविदाएं जारी की गईं, भुगतान भी किया गया, लेकिन कोई काम नहीं किया गया। सचदेवा ने दावा किया, ”सीवरेज शोधन संयंत्रों की 1,200 करोड़ रुपये की निविदा को 1,546 करोड़ रुपये में जारी की गई और बाद में इसे बढ़ाकर 1,938 करोड़ रुपये बढ़ा दिया। एक पखवाड़ा पहले हमने दस्तावेजों के आधार पर जल बोर्ड में 3,753 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था और आज भी हम इस पर कायम हैं।” नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कथित भ्रष्टाचार की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

RO No. 13467/11