हरिद्वार सीट से संत को टिकट दे भाजपा, स्वामी ऋषिश्वरानंद बोले- धर्म नगरी का तभी हो सकेगा विकास

हरिद्वार, ०९ दिसम्बर। हरिद्वार के संत समाज में लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ हलचल तेज हो गयी है। शुक्रवार को भूपतवाला स्थित माता वैष्णों शक्तिपीठ में हुई संतों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संत का दर्जा देते हुए हरिद्वार लोकसभा सीट से किसी संत को ही भाजपा की ओर से सांसद का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संत के तौर पर सनातन की सेवा कर रहे हैं। इसलिए काशी का प्रतिनिधित्व पहले से संत के पास है। ऐसे में अयोध्या, मथुरा और हरिद्वार से किसी संत को उम्मीदवार बनाया जाए। संतों की बैठक को संबोधित करते हुए स्वामी ऋषिश्वरानंद, बाबा हठयोगी व महंत दुर्गादास ने कहाकि हरिद्वार संत बाहुल्य क्षेत्र और विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी है। हरिद्वार लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाला ऋषिकेश भी संत बाहुल्य और प्रमुख धार्मिक नगर है। हरिद्वार और ऋषिकेश के धार्मिक स्वरूप को देखते हुए लोकसभा चुनाव में हरिद्वार सीट से किसी स्थानीय संत को ही भाजपा उम्मीदवार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, स्वामी चिदानंद मुनि, स्वामी ऋषिश्वरानंद, महंत रूपेंद्र प्रकाश, स्वामी यतिन्द्रानंद में से किसी एक को भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ाया जाए। सभी योग्य और समाजसेवी संत हैं। स्वामी ऋषिश्वरानंद ने कहा कि अब तक जितने भी सांसद हुए हैं। किसी ने भी धार्मिक दृष्टिकोण से हरिद्वार का विकास करने का प्रयास नहीं किया। लोकसभा में हरिद्वार का प्रतिनिधि संत होगा तो हरिद्वार का धार्मिक दृष्टिकोण से विकास तो होगा ही धार्मिक मर्यादाओं का संरक्षण भी होगा।बैठक में महंत विमल दास बापू, महंत श्यामचरण दास, महंत विष्णुदास, महंत प्रेमदास, महंत ईश्वर दास, महंत रघुवीर दास, महंत बिहारी शरण, स्वामी ललितानंद गिरी, महंत प्रह्लाद दास, महंत प्रमोद दास, महंत अंकित शरण, महंत हरिदास, स्वामी ज्ञानानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, गौ गंगा धाम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत निर्मल दास, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, स्वामी दिनेश दास आदि संतों ने भी हरिद्वार से किसी संत को ही लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है।

RO No. 13467/11