खुद को सरकारी कर्मचारी बता जेके बैंक से ले लिए पांच करोड़ के लोन, चार आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दायर

जम्मू, १० दिसम्बर । जम्मू कश्मीर बैंक की विभिन्न शाखाओं से धोखे से लोन लेकर पांच करोड़ रुपये का चूना लगाने के चार आरोपितों के खिलाफ क्राइम ब्रांच जम्मू की आर्थिक अपराध शाखा ने कोर्ट में आरोप पत्र पेश कर दिया। इन आरोपितों में मेंढर के नरोल निवासी सलीम यूसुफ भट्टी, मेंढर के ही अरी निवासी मोहम्मद अल्ताफ, उसकी पत्नी रुखसाना तब्बसुम और अरी की ही जाहिदा परबीन शामिल हैं। इन चारों आरोपितों में सलीम यूसुफ मास्टर माइंड था।सलीम यूसुफ ने सरकारी योजना एकीकृत जल प्रबंधन कमेटी के नाम पर जेके बैंक की लसाना सुरनकोट शाखा में बंद पड़े खातों को धोखे से सक्रिय करवाया और उस खाते की मदद से उसने अन्य तीन आरोपितों के साथ मिलकर पुंछ जिले के विभिन्न बैंक शाखा से पांच करोड़ रुपये के ऋण ले लिए।इस संदर्भ में जम्मू कश्मीर बैंक के मुख्य प्रबंधक ने शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें आरोप लगाया गया कि पुंछ में एकीकृत जल शेड प्रबंधन कार्यक्रम विभाग में अनुबंधित कर्मचारी सलीम यूसुफ भट्टी ने कुछ अन्य के साथ मिलकर वाटर शेड मैनेजमेंट के बैंक में बंद किए गए खातों को सक्रिय करवा दिया था। ये खाते जेके बैंक की लसाना और सुरनकोट की शाखा में थे। इसके बाद उन लोगों ने फर्जी वेतन प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार किए और खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर करोड़ों रुपयों के व्यक्तिगत ऋण, कार लोन ऋण आदि भी ले लिए। इस फर्जीवाड़े को इन लोगों ने जेएंडके बैंक की मेंढर शाखा में फर्जी अकाउंट खोलकर अंजाम दिया। आरोपियों ने सबसे पहले विभिन्न बैंकों के माध्यम से वाटर शेड समिति के खातों में पैसा जमा किया और बैंकों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निर्देश दिया गया कि इन खातों में जमा पैसों से उक्त कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाए। बाद में खुद के फर्जी वेतन प्रमाणपत्र बनाकर उन्होंने जम्मू कश्मीर बैंक की विभिन्न शाखाओं से पांच करोड़ रुपये के लोन भी जारी करवा लिए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद क्राइम ब्रांच ने इन सभी चारों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

RO No. 13467/10