
हरिद्वार, १० दिसम्बर । हरकी पैड़ी क्षेत्र में अवैध निर्माण के एक मामले से धर्मनगरी की गरिमा तार-तार हो गई। एक मंदिर की जगह अवैध रूप से शौचालय व बाथरूम बना दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीव चौहान मोबाइल चौकी के जरिये क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक मंदिर को हटाकर शौचालय का अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है। इस पर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) से अवर अभियंता बलराम सिंह, सिंचाई विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।स्थानीय नागरिकों ने टीम को जानकारी दी कि इस स्थान पर मंदिर बना था, जिसकी जगह अब शौचालय बनाया जा रहा है। आरोप है कि मंदिर से निकालकर मूर्तियां गंगा किनारे रख दी गईं। लेकिन, आरोपित ने वहां मंदिर न होने की बात कही। चौकी प्रभारी संजीव चौहान ने बताया कि इस मामले में हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण जांच कर रहा है।






























