
नईदिल्ली, 2१ दिसम्बर । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए आज गुरुवार (21 दिसंबर) को ईडी के समक्ष पेश नहीं होंगे। उन्होंने ईडी के समन का जवाब भेजकर कहा कि मैं हर कानूनी समन मानने को तैयार हूं, लेकिन यह पिछले समन की तरह गैर कानूनी है। ईडी का समन राजनीति से प्रेरित है। पिछले की तरह ये समन भी गैर कानूनी है। इसलिए समन वापिस लिया जाये। मैंने अपना जीवन ईमानदारी और पारदर्शिता से जिया है। मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। वह बुधवार को 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान पाठ्यक्रम के लिए अज्ञात स्थान पर चले गए। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल को विपश्यना पाठ्यक्रम के लिए रवाना होना था, लेकिन आईएनडीआईए की बैठक के कारण वह ऐसा नहीं कर सके। वह पूर्व निर्धारित ध्यान पाठ्यक्रम के लिए बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे निकल गए। इधर, पार्टी के वकील ईडी के नोटिस का अध्ययन कर रहे हैं और वे उपयुक्त जवाब देंगे। दिल्ली के अधिकारी भले ही अज्ञात स्थान पर जाने की बात कर रहे हों, लेकिन यह पुष्ट है कि केजरीवाल बुधवार को पंजाब के होशियारपुर से 12 किमी दूर गांव आनंदगढ़ स्थित विपश्यना मेडिटेशन सेंटर में साधना के लिए पहुंच गए। केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ दिल्ली से चार्टर्ड विमान से शाम लगभग चार बजे जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से दोनों नेता हेलीकाप्टर से विपश्यना मेडिटेशन सेंटर के निकट स्थित चौहाल के लिए रवाना हुए। मान चौहाल में ही रुक गए जहां वह रात्रि विश्राम करेंगे, जबकि केजरीवाल विपश्यना सेंटर में पहुंच गए। वहां वह दस दिन तक रहेंगे।





















