
रायपुर-सचिन पायलट को कांग्रेस हाईकमान ने छत्तीसगढ़ के प्रभारी महासचिव की नई जिम्मेदारी दी है। अब तक पायलट कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य थे। अब उन्हें राजस्थान के बाहर जिम्मेदारी दी गई है। हरीश चौधरी काे पंजाब प्रभारी के पद से हटा दिया है। राजस्थान के सह प्रभारी सचिव रहे देवेंद्र यादव को पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संगठन की नई नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं।
सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ का प्रभारी महासचिव बनाकर राजस्थान से फिलहाल दूर कर दिया है। पायलट फिलहाल नेता प्रतिपक्ष और प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ से बाहर हाे गए हैं। अशोक गहलोत और सचिन पायलट के टकराव के लिहाज से पायलट की नई जिम्मेदारी के सियासी मायने हैं। इसे सचिन पायलट को राजस्थान की राजनीति से कुछ समय के लिए दूर करने के तौर पर देखा जा रहा है।
अशोक गहलोत को पहले ही नेशनल अलायंस कमेटी की जिम्मेदारी दी जा चुकी है। गहलोत और पायलट दोनों को राजस्थान से बाहर की जिम्मेदारी दी गई है। सचिन पायलट टोंक से विधायक हैं, ऐसे में उनका आना जाना रहेगा लेकिन छत्तीसगढ़ जैसे राज्य के प्रभारी बनाने के सियासी मायने हैं।
कांग्रेस प्रभारी पद पर रंधावा बरकरार
राजस्थान प्रभारी पद पर सुखजिंदर सिंह रंधावा को बरकरार रखा गया है। राजस्थान चुनाव में हार के बाद रंधावा ने कहा था कि पंजाब की राजनीति पर ध्यान देना है, उन्होंने हाईकमान के सामने बात रख दी है। अब फैसला उन्हें करना है।




















