
बलौदा। मां के साथ खेत में काम करने गई दसवीं की छात्रा बिजली के टूटे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आकर झूलस गई। स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टर ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। ग्राम पंचायत चारपारा निवासी अंजली कश्यप (17) पिता सनत कुमार कश्यप कन्या शाला बलौदा में कक्षा दसवीं की छात्रा थी। सोमवार को वह अपनी मां के साथ मुड़मिसनी खार की खेत गई थी । खेत में गेंहू की बोआई की तैयारी के लिए सफाई कर रही थी । इसी दौरान अंजली को प्यास लगने के कारण वह पास के बोर में पानी पीने के लिए गई थी । बोर घर के पास से ही एक छोटी नहर है जिसमें पानी भरा हुआ है। यहीं पर तीन दिन पहले बिजली का तार टूटा हुआ था और उसमें बिजली सप्लाई चालू था। करंट प्रवाहित तार के सम्पर्क में आने से अंजली झूलस गई और बेहाश होकर गिर गई। वहीं पास में काम कर रहे लोगों ने अंजली को बेहोश देखा तो इसकी सूचना खेत में कार्य कर रही उसकी मां को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही वे दौड़ते हुए पहुंचे। तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा लेकर आए । डाक्टर ने उपचार शुरू किया इसके थोड़ी देर बाद अंजली ने दम तोड़ दिया । अंजली की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां मूर्छित हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा अस्पताल पहुंचे और स्वजन को लेकर घटना स्थल मुड़मिसनी खार गए । सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। अजंली के करंट से मौत की खबर सुनकर शाला परिवार ने शोक व्यक्त किया ।


























