
दंतेवाड़ा, 2६ दिसम्बर । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में छिंदनार के करका पुल के पास मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। इस सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्राली पर सवार 22 महिला और पुरुष मजदूर घायल हो गए। ट्रैक्टर ट्राली में 35 मजदूर सवार थे। घायल मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गीदम लाया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल मजदूरों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका ईलाज जारी है। दरअसल, घटना सोमवार रात छिंदनार के करका पुल के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार यहां मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली छिंदनार के करका पुल के पास अचानक से अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर शाम को काम की छुट्टी के बाद बड़े करका से कासोली वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर पलटने से मजदूर दब गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना के तुरंत बाद आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।


























