
पंकज त्रिपाठी स्टारर फिल्म मैं अटल हूं का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है। रवि जाधव के निर्देशन में बनी यह फिल्म जल्द रिलीज होने वाली है। पंकज त्रिपाठी बॉलीवुड के मंझे हुए स्टार्स में से एक हैं और इस फिल्म में वह पूर्व प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभा रहे हैं। अब मेकर्स ने इसका पहला गाना भी जारी कर दिया है। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 99वीं जयंती के खास मौके पर मेकर्स ने मैं अटल हूं का पहला गाना देश पहले जारी कर दिया है। इस गाने में देशभक्ति का जुनून देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही यह गाना इतिहास को फिर से लिखने वाले कवि अटल बिहारी वाजपेयी की दुनिया में ले जाता है। देश पहले गाने को जुबिन नौटियाल ने अपनी आवाज दी है और इसके बोल मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। देश पहले गाने की रिलीज की जानकारी पंकज त्रिपाठी ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दी है। गाने का वीडियो शेयर करते हुए एक्टर ने लिखा, दुनिया के सारे सुख पीछे, मेरा देश पहले।



























