
मास्को, २८ दिसम्बर । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अगले साल रूस की यात्रा के लिए आमंत्रित किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन में पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान पुतिन ने जयशंकर से कहा, हमें अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को रूस में देखकर खुशी होगी। सरकारी समाचार एजेंसी तास ने रूसी नेता के हवाले से कहा, हम सभी मौजूदा मुद्दों पर चर्चा करने में सक्षम होंगे। रूस-भारत संबंधों के विकास के दृष्टिकोण पर बात करेंगे। हमें ढेर सारा काम करना है। पुतिन ने जयशंकर से पीएम मोदी को अपनी शुभकामना और रूस आने का निमंत्रण देने को कहा। रूसी राष्ट्रपति ने कहा, उन्हें अहसास है कि भारत अगले साल आंतरिक मामलों में व्यस्त रहेगा, क्योंकि देश में संसदीय चुनाव होना है। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस और भारत के बीच व्यापार बढ़ रहा है, खासकर कच्चे तेल और उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के कारण।उन्होंने कहा, हमारा व्यापार लगातार दूसरे साल स्थिर गति से बढ़ रहा है। इस साल विकास दर पिछले साल से भी अधिक है। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में जयशंकर ने कहा था कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन लगातार संपर्क में रहे हैं।बताते चलें, भारत के प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति के बीच शिखर सम्मेलन दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक साझेदारी में सर्वोच्च संवाद तंत्र है। अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन हो चुके हैं।विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, सबसे पहले, कृपया मुझे प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत शुभकामनाएं देने की अनुमति दें… इस अवसर पर मैं आपके साथ हमारे द्वारा की गई प्रगति के पहलुओं को साझा करना चाहूंगा और पिछले दो दिनों में रूसी उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ चर्चा करने का मौका मिला और आज रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ चर्चा हुई। मैं व्यापार में हमारे द्वारा की गई प्रगति को उजागर करना चाहूंगा, जो कि 50 बिलियन डॉलर के कारोबार से अधिक है। यह महत्वपूर्ण है कि हम इसे और अधिक मजबूत बनाएं। दूसरा पहलू परमाणु पक्ष से संबंधित है और हमने कल समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जो कुडनकुलम परियोजना को आगे ले जाएंगे।




















