प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं: मुख्य सचिव डीएम व एसएसपी से कहा वार्ता कर दूर करें उनका भ्रम

लखनऊ, 0३जनवरी । मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने की भी जरूरत नहीं है। उन्होंने डीएम व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के आवागमन कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। उनकी सुरक्षा का विशेष ख्याल रखा जाए और आवागमन में व्यवधान उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। मुख्य सचिव ने मंगलवार को ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के मद्देनजर वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों को लेकर कुछ संगठन अफवाह फैलाकर आवागमन बाधित कर रहे हैं, यह पूरी तरह अवैधानिक है।उन्होंने डीएम एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के साथ वार्ता कर उन्हें सही तथ्यों से अवगत कराकर उनका भ्रम दूर करने के निर्देश दिए। अफवाह फैलाने वाले लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू, डीजी ला एंड आर्डर प्रशांत कुमार उपस्थित थे।

RO No. 13467/11