राजस्थान में बिना व्यवधान के हुई पहली भर्ती परीक्षा कांग्रेस काल में 19 भर्ती परीक्षाओं में से 17 हुए थे लीक

जयपुर, 0८ जनवरी । राजस्थान में लंबे समय बाद बिना किसी व्यवधान के रविवार को सहायक आचार्य, शारीरिक शिक्षक और लाइब्रेरियन की भर्ती परीक्षा संपन्न हुई है। भाजपा के सत्ता में आने के बाद यह पहली भर्ती परीक्षा थी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सभी सरकारी एजेंसियों की प्रशंसा की है। सीएम ने प्रदेश के मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यूआरसाहू, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को गड़बडिय़ां रोकने के निर्देश दिए थे। दरअसल, पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 19 भर्ती परीक्षाओं में से 17 के पेपर लीक हुए थे। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान पेपर लीक को मुद्दा बनाया था। उधर, राज्य पुलिस कांस्टेबल आनलाइन भर्ती परीक्षा में नकल करवाने में मदद करने वाले वांछित शिक्षक को स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। शिक्षक मूलाराम ने नकल करवाने वाले गिरोह के साथ मिलकर चार लाख रुपये में नकल करवाने का सौदा किया था। इस मामले में अब तक 32 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी टीम शिक्षक से पूछताछ कर रही है।

RO No. 13467/11