
नईदिल्ली, 0८ जनवरी । सर्दी का सितम जारी है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में शीतलहर चली। अभी दो दिन तक इसके जारी रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं, 14 राज्यों में कोहरे से जनजीवन प्रभावित रहा। ट्रेनों की रफ्तार भी कम रही, जिससे वे घंटों देरी से गंतव्यों पर पहुंचीं। उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 8-10 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में गरज के साथ बारिश की भी संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में सोमवार को भी भीषण से अधिक भीषण ठंड की स्थिति बनी रह सकती है। उसके बाद तापमान थोड़ा बढ़ेगा और ठंड से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 राज्यों में कोहरे की स्थिति बनी हुई है। इनमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर में असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे का अनुमान जताया गया है। हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर मौसम में बदलाव के आसार हैं। सोमवार को पूरे प्रदेश में धुंध का यलो अलर्ट जारी हुआ है। मंगलवार को प्रदेशभर में और बुधवार को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 11 और 12 जनवरी को मौसम फिर साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी। प्रदेश के मैदानी इलाकों में धुंध और कोहरे के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह-शाम के समय बाजारों में सन्नाटा छाया रह रहा है। प्रदेश में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। बर्फबारी और बारिश न होने से गेहूं, मटर और सेब की फसल को नुकसान हो रहा है, जबकि बागवान नई पौध नहीं रोप पा रहे हैं। पंजाब में अमृतसर को भीषण ठंड से राहत नहीं मिली है। बीती रात भी यहां 5.8 डिग्री तापमान रहा। लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में भी 6-9 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पंजाब सरकार ने भीषण ठंड को देखते हुए प्रदेश में 10वीं तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। हरियाणा के भिवानी में सबसे कम 6.7 डिग्री तापमान रहा। वहीं, अंबाला, नारनौल, हिसार और करनाल में बारा 7-9 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री पर आ गया।





























