
प्रतापपुर। दुर्घटना के लिए संवेदनशील घाट पेंडारी में रविवार सुबह केमिकल लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर घाट के खतरनाक मोड़ पर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक का चालक व परिचालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार एक बारह चक्का ट्रक विशाखापट्टनम से रंग रोगन बनाने के काम में आने वाला सफेद व पीला केमिकल लेकर उत्तर प्रदेश के जौनपुर जा रहा था। इसी दौरान रविवार की सुबह करीब पांच बजे ट्रक घाट पेंडारी के खतरनाक घाट में उतर रहा था। अचानक घाट के सबसे खतरनाक व गहरी खाई से भरे घुमावदार मोड़ पर चालक ने ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रक खाई में गिरने से बाल बाल बचते हुए सडक़ के किनारे पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में लोड केमिकल बहकर सडक़ में काफी दूर तक फैल गया। सडक़ में फैले केमिकल ने सडक़ को फिसलपट्टी की तरह बना दिया था। इसके कारण दुर्घटना से बचने के लिए सडक़ में आना जाना कर रहे वाहनों के पहिए ठिठक कर केमिकल के सूखने का इंतजार करने लगे। कई घंटों के बाद जब सडक़ पर फ़ैला केमिकल सूखा तब कहीं जाकर आवागमन शुरू हो सका। इस दौरान सडक़ पर जाम के रूप में वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस संबंध में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के चालक ने बताया कि जब वह घाट के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा तो ट्रक को धीरे करने के लिए कई बार ब्रेक लगाया पर गति के अत्यधिक दबाव के कारण ब्रेक ने काम नहीं किया और उसने सूझबूझ से काम लेते हुए ट्रक के स्टेयरिंग को एकाएक पूरी तरह से दाहिनी ओर मोड़ दिया जिससे ट्र्क सडक़ पर ही पलट गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर चंदौरा हाइवे पुलिस भी पहुंची थी पर दुर्घटना होने के 36 घंटे बाद भी ट्रक पलटी हुईं अवस्था में सडक़ पर ही पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि सडक़ पर पलटे पड़े केमिकल से लोड ट्रक को उठाने के लिए क्रेन की जरूरत है जो कि उपलब्ध नहीं हो पा रही है।






















