नईदिल्ली, 0९ जनवरी । राज्यसभा के लिए नामांकन कराने वाले आम आदमी पार्टी के तीनों उम्मीदवारों में से एनडी गुप्ता को अलग कर दिया जाए दो उम्मीदवार संजय सिंह और स्वाति मालीवाल की मिलाकर कुल संपत्ति 50 लाख ही बैठती है।शपथ पत्र में एनडी गुप्ता ने अपने चुनावी हलफनामे में 11 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति का उल्लेख किया है।वहीं संजय सिंह और उनकी पत्नी के पास कुल मिलाकर 31 लाख रुपये की चल संपत्ति है और कोई अचल संपत्ति नहीं है, वहीं मालीवाल के पास कुल संपत्ति 19 लाख रुपये से अधिक है।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने राज्यसभा के लिए नामांकन के दौरान दिए गए शपथपत्र में आयकर रिटर्न के अनुसार अपनी वित्तीय वर्ष 2022-23 में वार्षिक आय 7 लाख 98 हजार रुपये दर्शाया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 6 लाख 12 हजार 430 और वित्तीय वर्ष 2020-21 में 2 लाख 25 हजार रुपये आय दिखाई है।संजय सिंह की ओर से दाखिल शपथपत्र में उन्होंने अपनी पत्नी अनीता सिंह के पास वित्तीय वर्ष 2022 – 23 में 4 लाख 7 हजार 840 रुपये की राशि दिखाई है। संजय सिंह ने नार्थ एवेन्यू दिल्ली स्थित आवास का पता लिखा है। पत्नी अनीता ने दिल्ली के नार्थ एवेन्यू के साथ सुल्तानपुर के गभडिय़ा स्थित घर का पता लिखा है।वहीं राज्यसभा के लिए पहली बार नामांकन करा रहीं स्वाति मालीवाल ने दाखिल किए शपथपत्र में अपनी आय वित्तीय वर्ष 2022-23 में 24 लाख 12 हजार 470 रुपए दर्शाई है।वित्तीय वर्ष 2021-22 में 24 लाख 26 हजार 660 रुपये और वित्तीय वर्ष 2020-21 में 24 लाख 14 हजार 600 रुपये, वित्तीय वर्ष 2019-20 में 23 लाख 51 हजार 910 रुपये और वित्तीय वर्ष 2018-19 में 11 लाख 5 लाख 56 हजार 50 रुपये की आय दिखाई है।वहीं, नारायण दास गुप्ता (एनडी) गुप्ता ने गुलमोहर पार्क दिल्ली का पता दिया है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2022-23 में अपनी आए 39 लाख 42 हजार 880 रुपए दिखाई है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 36 लाख 71 हजार 570 और वित्तीय वर्ष 2020-21 में 38 लाख 1 हजार 430 रुपये की आय दिखाई है।