
भवारना, 0९ जनवरी । कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का संपूर्ण विकास और यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कटिबद्ध हैं। गोमा सोमवार को जयसिंहपुर के बाहे दा पट्ट (खैरा) में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम तथा राजकीय उच्च विद्यालय लोअर खैरा के वार्षिक उत्सव में बोल रहे थे।उन्होंने कहा बुहला खैरा से परागे-दा-गलू तक सड़क का विस्तार और सुधार के लिए नाबार्ड के अंतर्गत 16 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर सरकार को स्वीकृति के लिए प्रेषित की गई है। 16 किलोमीटर लंबी इस सड़क के विस्तारीकरण से हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कुरु केलण सड़क पर मंद खड्ड में भी पुल निर्माण के लिए तीन करोड़ 18 लाख रुपये तथा कुरु केलण सड़क के निर्माण दो करोड़ 25 लाख खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा राजकीय महाविद्यालय शिवनगर के नए भवन के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं और इसका कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से नए भवन में कक्षाओं को आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बाहे दा पट्ट में हाई मास्क लाइट देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय की मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर विद्यालय की ओर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 11 हजार रुपये का ड्राफ्ट मंत्री यादविंद्र गोमा को सौंपा गया।मंत्री ने कहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा का नया भवन बनाया जाएगा और इसके लिए अगले बजट में धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। यहां 20 से 25 बिस्तरों के अस्पताल के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा अस्पताल में शीघ्र ही एंबुलेंस उपलब्ध करवाई जाएगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, प्रधान पंचायत बाहे दा पट्ट विनोद कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र, अभिभावक सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।

























