राज्य में 55 सौ करोड़ का हुआ निवेश… 2.95 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार, सीएम मान ने दी जानकारी

चंडीगढ़, १० जनवरी । मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि पिछले 18 महीनों के दौरान टाटा स्टील और अन्य बड़ी कंपनियों ने राज्य में निवेश करने के लिए तैयारियां की हैं।उनकी सरकार के दौरान पंजाब में अब तक 55,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। इससे 2.95 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे।मुख्यमंत्री मान ने मंगलवार को टैगोर थिएटर में राज्य सहकारी बैंक में नए भर्ती हुए 520 क्लर्कों-कम-डेटा एंट्री आपरेटरों को नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक 40,000 से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र बांट चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पिछले 75 सालों में नौजवान सरकारी नौकरी के लिए एक अवसरों को तरसते थे, वहीं अब उनको एक साल में तीन-तीन नौकरियां भी मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार द्वारा लोगों के साथ किया गया हरेक वादा जल्द से जल्द पूरा किया जा रहा है। 18 जनवरी को 590 और नौजवानों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। मान ने कहा कि रिवायती पार्टियों के नेता मुझसे इसिलए ईर्ष्या रखते हैं, क्योंकि मैं न सिर्फ लोगों की भलाई के लिए अथक मेहनत कर रहा हूं बल्कि साधारण परिवार से संबंधित हूं।यह नेता हमेशा से यही मानते थे कि राज्य में शासन करने का उनके पास ही जन्म-सिद्ध अधिकार है। अब उन्हें यह बात हजम नहीं होती कि एक आम आदमी बहुत कार्यकुशलता से राज्य को चला रहा है। मान ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब की पुरातन शान बहाल करके फिर ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए संजीदा प्रयास कर रही है। पंजाब ने एक निजी कंपनी जीवीके पावर की मलकीयत वाला गोइंदवाल पावर प्लांट 1080 करोड़ रुपये की लागत के साथ खरीद कर इतिहास रचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पछवाड़ा कोयला खदान से निकलने वाले कोयले का प्रयोग सरकारी पावर प्लांटों के लिए ही किया जा सकता है। अब इस पावर प्लांट से इस कोयले का प्रयोग राज्य के हरेक सेक्टर के लिए बिजली पैदा की जा सकती है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अस्पतालों और स्कूलों में बदलाव देखने को मिल रहा है और आम आदमी की भलाई के लिए नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसले उन लोगों द्वारा ही लिए जा रहे हैं, जो जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं से अवगत हैं।राज्य की झांकी के बारे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सुनील जाखड़ जैसे गुमराह करने वाले नेता राज्य की तरक्की के रास्ते का बाधा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने हमारे राज्य की दो पीढिय़ों को बर्बाद कर दिया है।

RO No. 13467/11