
गोलपाड़ा। डेमोक्रेटिक फ्रंट के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने दावा किया कि मुस्लिम वोटों के बिना भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव नहीं जीत सकती और केंद्र में सरकार नहीं बना सकती। पार्टी नेताओं के साथ मंगलवार शाम को गोलपाड़ा में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अजमल ने कहा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी कहा था कि हमें मुस्लिम इलाकों में जाना चाहिए, मस्जिदों और मदरसों का दौरा करना चाहिए। उन लोगों ने कहा था कि हमें मुस्लिम समुदाय के कम से कम 10 प्रतिशत वोट मिले ताकि हम सरकार बना सकें, अन्यथा हम केंद्र में सरकार नहीं बना सकते और अगर वे (मुसलमान) साथ आएंगे तो हम उनका स्वागत करेंगे। एआईयूडीएफ नेता ने अपनी पार्टी के सदस्यों और समर्थकों को आगामी चुनावों में भाजपा को वोट न देने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, हमने पहले ही अपनी पार्टी के सदस्यों और समर्थकों को निर्देश दे दिया है और उन्हें सलाह दी है कि एक भी वोट भाजपा को न जाए। नवंबर में अजमल ने कहा था कि उनकी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लडऩे के लिए कांग्रेस को 11 सीटें दी हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पार्टी असम में तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अजमल ने आगे कहा, हम असम में 14 लोकसभा सीटों में से 3 पर चुनाव लड़ेंगे। हम धुबरी, नागांव और करीमगंज सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और हमने बीजेपी के खिलाफ लडऩे के लिए अन्य 11 सीटें कांग्रेस को दे दी हैं। वहीं, एआईयूडीएफ, आई.एन.डी.आई. गठबंधन को समर्थन देगा।” भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को राज्य में पार्टी की प्रमुख बैठकों की अध्यक्षता करने के लिए गुवाहाटी पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय प्रमुख आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की असम इकाई की राज्य कार्यकारिणी और कोर समिति की बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।




















