
चंडीगढ़। राज्यसभा में नहीं भेजे जाने से नाराज चल रहे आम आदमी पार्टी हरियाणा की प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर के किसी भी समय पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। नई दिल्ली के एक होटल में अशोक तंवर की हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से करीब 25 मिनट मुलाकात हुई है। इस मुलाकात के बाद संभावना जताई जा रही है कि अशोक तंवर मकर संक्रांति के आसपास गले से आम आदमी पार्टी का पटका निकालकर भाजपा का भगवा पटका पहन सकते हैं।हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष एवं सिरसा से सांसद रह चुके डॉ. अशोक तंवर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से राजनीतिक टशन के चलते कांग्रेस को अलविदा कहा था। उस समय भी तंवर के भाजपा में शामिल होने की अटकलें चली थी, लेकिन तंवर ने तब भाजपा में जाने की बजाय आम आदमी पार्टी की झाड़ू थामना अधिक फायदेमंद समझा था। हाल ही में पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा सरवारा की कांग्रेस में वापसी हुई है।निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा के कांग्रेस में लौटने के बाद डॉ. अशोक तंवर को लग रहा था कि आम आदमी पार्टी उन्हें दिल्ली से राज्यसभा में भेज देगी। इसलिए वह इंतजार करते रहे, लेकिन राज्यसभा में स्वाति मालीवाल को भेज देने के बाद अशोक तंवर ने आम आदमी पार्टी में रहने का अपना निर्णय बदल लिया।हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता रह चुके मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रचार सलाहकार तरुण भंडारी के माध्यम से मुख्यमंत्री और अशोक तंवर की नजदीकियां बढ़ी। तरुण भंडारी ने ही नई दिल्ली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के गुजरात वाइब्रेंट में शामिल होने जाने से पहले अशोक तंवर की उनसे एक होटल में मुलाकात कराई।बताया जाता है कि अशोक तंवर को सिरसा अथवा अंबाला लोकसभा सीट से भाजपा चुनाव लड़वा सकती है। इनमें एक सीट कौन सी होगी, यह भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। अशोक तंवर के समर्थकों की दलील है कि हरियाणा में आम आदमी पार्टी सीटों के बंटवारे के तहत कांग्रेस से अभी तक कोई सीट हासिल नहीं कर पाई। ऐसे में लोकसभा चुनाव की तैयारी पर फर्क पड़ रहा है। इसलिए उनके लिए भाजपा में जाना अधिक फायदेमंद होगा, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के रहते उनकी कांग्रेस में वापसी संभव नहीं है। भाजपा को भी अशोक तंवर सरीखे जिताऊ चेहरों की तलाश है, जो कांग्रेस के लिए राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर दें। इससे पहले अशोक तंवर के बेहद नजदीकी नरेश मग्गू ने मंगलवार को अशोक तंवर को अपना भारत मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में प्रचारित करते हुए एक पोस्ट की।























