मिलिंद देवड़ा ने छोड़ी कांग्रेस, जयराम रमेश ने बताया कठपुतली, पहचानने से किया इनकार

मुंबई, १४ जनवरी । राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी है। मिलिंद देवड़ा ने एक्स पर लिखा- आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है। पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मिलिंद ने आगे कहा कि मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं। मिलिंद देवड़ा दक्षिण मुंबई से दो बार सांसद रहे हैं। साथ ही वह मनमोहन सरकार में मंत्री भी रहे हैं। इसके अलावा वह मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इस्तीफा देने से पहले वह पार्टी के अखिल भारतीय संयुक्त कोषाध्यक्ष थे। मिलिंद देवड़ा से इस बड़े फैसले के पीछे उद्धव ठाकरे का जिम्मेदार माना जा रहा है। दरअसल, इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे के दौरान उद्धव ने कहा है कि दक्षिण मुंबई सीट वे अपने पास रखा चाहते हैं, क्योंकि वहां से अभी उद्धव गुट के अरविंद सावंत सांसद है। ऐसे में मिलिंद देवड़ा को आशंका है कि कांग्रेस उनका पत्ता काट सकती है। अब कहा जा रहा है कि वे शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस छोडऩे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि मिलिंद के पिता मुरली देवड़ा मेरे बहुत अच्छे दोस्त थे। उन्होंने कभी विचारधारा से समझौता नहीं दिया। भारत जोड़ों न्याय यात्रा पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। मिलिंद देवड़ा कौन हैं, ये सब मोदी की कठपुतलियां हैं। मिलिंद देवड़ा ने यह फैसला उस दिन लिया, जब राहुल गांधी मणिपुर से भारत जोड़ों न्याय यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। अब महाराष्ट्र और खासतौर पर मुंबई में कांग्रेस की परेशानी बढऩे वाली है।

RO No. 13467/11