
नईदिल्ली, १९ जनवरी । देश के कई राज्यों में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव नजदीक हैं, लेकिन अभी तक इंडी गठबंधन में सीटों का बंटवारा नहीं हो सका। इसी बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इंडी गठबंधन में फूट पडऩे की बात कही है। फारूक अब्दुल्ला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर चर्चा करते हुए कहा कि यदि सीट शेयरिंग पर गठबंधन में शामिल दलों के बीच सहमति नहीं बन पाती है तो अलासंय में शामिल कुछ पार्टियां अलग गठबंधन बना सकती हैं। फारूक ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए काफी कम समय बचा है, ऐसे में गठबंधन में समय रहते ही सीटों का बंटवारा हो जाना चाहिए, यदि नहीं होता है तो ये अलायंस के लिए खतरा है। उन्होंने आगे कहा कि यदि देश को बचाना है, तो हमें मतभेदों को भूलना होगा और देश के बारे में सोचना होगा। फारूक ने कहा कि अगर अभी सीट शेयरिंग नहीं होती तो यह संभव है कि कुछ लोग एक साथ आकर एक अलग दल बना लें, जो अलायंस के लिए आगामी चुनावों में चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। हालांकि, अभी समय है इसलिए इस बारे में गठबंधन को जल्द सहमति बनानी चाहिए। एनसी नेता ने कहा कि पार्टियों को केवल वहीं सीटें मांगनी चाहिए जहां उनका दबदबा है तब ही वह जीत हासिल कर सकते हैं, जहां उनका दबदबा नहीं हैं वहां सीटें मांगना गलत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तो खतरे में है ही, आने वाली पीढ़ी भी हमें माफ नहीं करेगी। फारूक ने कपिल सिब्बल के साथ चर्चा करते हुए यह भी स्पष्ट किया कि अगर हम अपने अहंकार को छोड़कर एक साथ मिलकर यह नहीं सोचते कि इस देश को कैसे बचाया जाए, तो मुझे लगता है कि यह हमारी ओर से सबसे बड़ी गलती होगी।























