
चंडीगढ़, २८ जनवरी। हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर दोबारा जीत हासिल करने की योजना बना रही भाजपा पूरे राज्य में गांव चलो अभियान आरंभ करने वाली है। इसके लिए पूरे प्रदेश में पार्टी के प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। भाजपा के लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर की देखरेख में यह अभियान चलेगा। लाडवा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी को पार्टी ने चलो गांव की ओर अभियान का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। इस क्रम में जिला कार्यशाला जनवरी को आयोजित की जा चुकी है, जबकि मंडल कार्यशाला एक व दो फरवरी को होगी।हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद नायब सिंह सैनी चलो गांव की ओर अभियान की मॉनीटरिंग करेंगे। इस संबंध में पिछले दिनों करनाल में हुई प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, लोकसभा विस्तारकों, जिला संयोजकों और सह संयोजकों की बैठक में चर्चा हो चुकी है। पूरे प्रदेश के करीब 20 हजार बूथों पर 24 घंटे के प्रवास पर कार्यकर्ता जा रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने बूथ प्रवास के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए काम करें। हरियाणा भाजपा के लोकसभा चुनाव सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर ने शनिवार को दैनिक जागरण को बताया कि साल 2024 में 400 से ज्यादा सीटों के साथ हैट्रिक बनाने के मिशन से चुनाव की तैयारी कर रही बीजेपी गांव चलो अभियान पूरे देश में चला रही है। हरियाणा में भी यह अभियान गति पकड़े, इस पर काम शुरू कर दिया गया है।भाजपा अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को देशभर के सात लाख गांवों में उतारने की योजना पर आगे बढ़ रही है। भाजपा देश व प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों से संपर्क साधने के लिए चार से 11 फरवरी तक देश भर में मेगा गांव चलो अभियान चलाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को पार्टी मुख्यालय में गांव चलो अभियान की कार्यशाला को लांच कर चुके हैं।सुरेंद्र सिंह नागर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत पार्टी के लगभग 30 लाख कार्यकर्ता एवं नेता देश भर के गांवों और शहरी बूथों तक जाकर लोगों से संपर्क साधेंगे और उन्हें मोदी व राज्य की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देंगे। पार्टी का उद्देश्य इस मेगा अभियान के जरिये जहां एक तरफ सरकार के काम को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, वहीं दूसरी तरफ समाज के अंतिम व्यक्ति की बात को पार्टी और सरकार के संज्ञान में भी लाना है। नागर के अनुसार लोकसभा चुनाव प्रभारी, मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ जल्दी ही मीटिंग कर आगे की रणनीति पर आगे बढ़ा जाएगा।



















