
बड़सरा। जिला बंटवारे के बाद सुरजपुर जिले के ग्राम पंचायत करौंदा मुड़ा के 20 ग्रामीणों के घर सहित लगभग 150 एकड़ भूमि राजस्व अभिलेख में जिला कोरिया में शामिल हो गया जबकि वे ग्रामीण मतदान, राशन सहित सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ सूरजपुर जिले से लेते आ रहे हैं । लेकिन वर्तमान में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास के जियो टैग के दौरान निर्माण स्थल को जिला कोरिया में दिखाने के कारण कई हितग्राहियों के पीएम आवास नही बन पाने से हितग्राही काफी परेशान हैं जिसे सुधार किए जाने व आवास बनाए जाने की अनुमति दिए जाने हेतु तीन माह पूर्व कलेक्टर से निवेदन किया था लेकिन वहां से भी समाधान नहीं निकला नतीजन कई आवास के निर्माण कार्य रुके हुए हैं तो वहीं प्रतीक्षा सूची में अंकित हितग्राही चिंतित है। मिली जानकारी अनुसार वर्ष 1998 में सरगुजा जिले से कोरिया जिला अलग हुआ। जिला सीमांकन के दौरान राजस्व विभाग ने ग्राम करौंदामुड़ा में निवासरत 20 घरों के लगभग 100 लोगों को कोरिया जिले में अंकित कर दिया। साथ में 150 एकड़ भूमि को भी कोरिया में अंकित कर दिया तो वहीं इस कई ग्रामीणों के भूमि भी गायब हो गए जबकि सेटलमेंट में ग्रामीणों के नाम पूरी जमीन दर्ज है लेकिन वर्तमान में कई प्लॉट विलोपित हैं जो किसी भी जिले में दिखाई नहीं देते।





















