
लखनऊ, 01 फरवरी । लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में तेज होती सियासी गतिविधियों के बीच बसपा सांसद संगीता आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुलाकात की। यूपी की लालगंज सीट से सांसद संगीता आजाद की मुख्यमंत्री से मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। करीब एक माह पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भी उनकी तस्वीर सामने आई थी। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शेयर की गई तस्वीर में इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है। मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात के दौरान बसपा सांसद के साथ उनके पति अरिमर्दन भी मौजूद थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि संगीता आजाद अपने पति के साथ बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकती हैं।लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत भाजपा ने विपक्षी दलों में सेंध लगाने का अभियान चलाने की योजना भी बनाई है। पार्टी ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की अध्यक्षता में इसके लिए प्रदेश स्तर पर कमेटी भी गठित कर दी है। आजमगढ़ की लालगंज सीट प्रदेश में भाजपा की 14 हारी हुई लोकसभा सीटों में से एक है। हारी सीटें जीतने के लिए भाजपा हर तरह से गोटियां बिछा रही है।संगीता आजाद की योगी और मोदी से हुई मुलाकातों को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा हारी सीटों पर इसी माह प्रत्याशी घोषित कर देगी। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता उसके संपर्क में हैं। संगीता आजाद पिछले लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन के अंतर्गत लालगंज से बसपा प्रत्याशी थीं। संगीता के पति भी बसपा सांसद रहे हैं।






























