
चंडीगढ़ 01 फरवरी। आम आदमी पार्टी शुक्रवार को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करेगी इस प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होंगे। प्रदर्शन भाजपा मुख्यालय पर किया जाएगा। आप की ओर से यह प्रदर्शन चंडीगढ़ में भाजपा की ओर फर्जी तरीके से मेयर बनाने के विरोध में किया जा रहा है। हाल ही में हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव में आप-कांग्रेस गठबंधन सबसे अधिक पार्षद होने के बावजूद चुनाव हार गया। चंडीगढ़ मेयर चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस और आप पार्षदों ने भी पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह पर धांधली करने और उचित चुनाव प्रक्रिया का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है। मामला हाई कोर्ट भी पहुंचा, जिसकी सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने चंडीगढ़ नगर निगम और प्रशासन से तीन हफ्ते के भीतर जवाब मांगा है।






























