
सक्ती । दहेज में 50 हजार रूपये नकदी और बाइक की मांग से तंग आकर विवाहिता ने जहर सेवन कर आत्म हत्या कर ली थी। पुलिस ने आरोपित पति को आत्म हत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सक्ती थाना का है। पुलिस के अनुसार ग्राम बसनाझर निवासी प्रेमलता साहू की शादी वर्ष 2020 – 21 में ग्राम लिमतरा निवासी परमेश्वर साहू के साथ हुई थी। शादी के तकरीबन 3 – 4 माह बाद से ही पति परमेश्वर साहू नकदी रकम 50 हजार रूपये एवं बाइक की मांग प्रेमलता और उसके परिजनों से मांग करने लगा। इसी बात को लेकर परमेश्वर आए दिन अपनी पत्नी से मारपीट करता था। प्रेमलता ने अपने स्वजन को ससुराल ग्राम लिमतरा बुलाकर इसकी जानकारी दी थी। डेढ़ वर्ष पूर्व उन्होंने अपने ग्राम बसनाझर में बुलाकर 20 हजार रूपये नकदी दिये थे। इसके बावजूद भी आरोपित दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानिसक रूप से प्रताडि़त करता रहा । जिसे लेकर गांव में सामाजिक बैठक भी हुई थी। मगर इसके बाद भी परमेश्वर के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। आखिरकार प्रेमलता ने पांच जनवरी को जहर सेवन कर लिया। उपचार के लिए उसे सीएचसी सक्ती के बाद रायगढ़ में भर्ती कराया गया। मगर उसकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ जिसके कारण उसे बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया था जहां इलाज के दौरान 12 जनवरी को उसकी मौत हो गई। इस दौरान वह छह माह की गर्भवती थी। बिलासपुर से मर्ग डायरी आने पर पुलिस ने पति परमेश्वर साहू के विरूद्ध भादवि की धारा 304, बी कायम कर विवेचना में लिया। पुलिस ने आरोपित पति परमेश्वर साहू को 7 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





















