
नईदिल्ली, 0९ फरवरी । नीतीश कुमार के इंडी गठबंधन को छोडऩे के बाद से कांग्रेस को अब हर साथी दल आंखे दिखा रहा है। ममता और अखिलेश के बाद अब आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल कांग्रेस से नाराज दिख रहे हैं। आम आदमी पार्टी गुजरात, हरियाणा और गोवा के लिए लोकसभा उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए 13 फरवरी को अपनी राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक करेगी। पार्टी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी। इससे पहले इंडी गठबंधन के साथी दल कांग्रेस के साथ लंबी सीट-बंटवारे की बातचीत से निराशा का संकेत देते हुए,आप ने असम में तीन लोकसभा क्षेत्रों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा की। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक ने डिब्रुगढ़ से पार्टी नेता मनोज धनोहर, गुवाहाटी से भाभेन चौधरी और सोनितपुर से ऋषि राज को उम्मीदवार बनाया है। पाठक ने आप मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी के पास चुनाव से पहले बहुत कम समय बचा है, इसलिए उसने नाम जारी किए हैं। इससे पहले आप नेताओं ने कहा था कि पार्टी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और गोवा में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस के साथ बातचीत कर रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले ही चैतर वसावा को गुजरात की भरूच सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं।

























