
मुंबई, १० फरवरी । पत्रकार निखिल वागले की कार पर शुक्रवार को भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। वागले पर हमला उस समय किया गया जब वह एक कार्यक्रम में भाग लेने पुणे जा रहे थे। हाल ही में निखिल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद से ही भाजपा कार्यकर्ता उनका विरोध कर रहे हैं। इस मामले में निखिल वागले पर पुणे में एफआईआर दर्ज भी किया गया है। डेक्कन पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान निखिल के गाड़ी पर स्याही भी फेंकी। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता खंडोजी बाबा चौक के पास कार पर हमला कर रहे हैं। इस दौरान कुछ लोगों ने कार में भी तोडफ़ोड़ की। वीडियो में कार की विंडस्क्रीन और साइड शीशे को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाया गया है। अधिकारी ने बताया कि निखिल इसके बाद भी कार्यक्रम तक पहुंचने में सफल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं उन सभी को माफ करता हूं, जिन्होंने मुझ पर हमला किया। उन्होंने आगे कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब मुझ पर हमला हुआ है। पहले भी छह बार मुझ पर हमला हुआ है और यह सतावां था। इससे पहले दिन में पीएम मोदी और लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के लिए वागले के खिलाफ पुणे में मामला दर्ज किया गया था। निखिल वागले की टिप्पणी को लेकर भाजपा के एक स्थानीय नेता ने शिकायत की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।























