
चांपा । नगर पालिका चांपा ने गुरुनानक मार्ग को चौडा करने का टेंडर 3 हिस्सों में ठेकेदारों को दिया था, जिसमें से 2 ठेकेदारों ने एक साल पहले चौड़ीकरण का कार्य पुरा कर लिया। वहीं तीसरे ठेकेदार को नगर पालिका अधिकारी के 2 बार नोटिस जारी करने के बाद भी कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। इस मार्ग को पहले भी पीडब्ल्यूडी और नगरपालिका द्वारा कई बार कांक्रीट और डामर डाल कर चौड़ा किया गया है, लेकिन विकास चौक जगदल्ला के पास की 30 मीटर की सड़क 20 वर्ष पहले जितनी ही सकरी है। इसको कांक्रीट युक्त चौड़ा करने के लिए कई बार नगर पालिका अधिकारी से सामाजिक कार्यकर्ता विकास तिवारी ने मौखिक मांग रखी, लेकिन आज तक कोई निर्णय अधिकारी द्वारा नहीं लिया गया। यह मार्ग पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आता है। इसलिए नगरपालिका और पीडब्ल्यूडी दोनों को प्रतिलिपि देते हुए एसडीएम चांपा को एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई के लिए मांग पत्र दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर दिनांक 15 फरवरी 24 तक कार्रवाई नहीं होने से विकास तिवारी और अध्यक्ष अवर सिटी फाउंडेशन के द्वारा आंदोलन की बात कही गई है। खराब सड़क के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि इस सड़क की मरम्मत के लिए ठेकेदार को कई बार अल्टीमेटम दिया जा चुका है। इसके बाद भी वह सड़क को नहीं बनवा रहा है। इसके चलते नगर के भीषम राठौर, मदन सोनी, शंकर सिंह, सुमित अग्रवाल सहित नगरवासियों ने सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है।

























