
नर्मदापुरम। आज खाना बनाने वाली बाई (घरेलू सहायिका) नहीं आई थी, मैं किचिन में लौकी की सब्जी बनाने के बाद रोटी बेल रही थी, तभी बेटा विकास दौडक़र आया और बोला कि मम्मी आपका नाम राज्यसभा प्रत्याशियों की सूची में है। बेटे ने जैसे ही बताया तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मैं तो भाजपा की छोटी सी कार्यकर्ता हूं। यह कहना है मध्य प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष माया नारोलिया का। माया नारोलिया का नाम बुधवार को भाजपा की ओर से जारी राज्यसभा प्रत्याशियों की सूची में शामिल था। प्रत्याशी घोषित होने के बाद नारोलिया के घर समर्थकों का तांता लग गया।
ढोल-बाजे के साथ समर्थक पहुंचे और जश्न मनाया।भाजपा संगठन के साथ ही अन्य लोग भी शुभकामनाएं देने पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी ट्वीट कर बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि नारोलिया की पहचान कर्मठ जुझारू महिला नेता रही हैं। 1980 से लगातार पार्टी में सक्रिय हैं। राशन की दुकान का संचालन करने के साथ ही वह राजनीति में सक्रिय हैं। 1997 में स्वयंसेवी संगठन नवधारा महिला मंडल का गठन किया। नर्मदा महिला उपभोक्ता संगठन के नाम से राशन दुकान का संचालन किया।भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बनीं। इसके बाद मंडी सदस्य का दायित्व मिला। दो बार पार्षद चुनी गईं। प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य बनीं और उसके बाद नगरपालिका अध्यक्ष बनीं। वर्तमान में महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष हैं। नारोलिया ने पहला चुनाव ग्राम पंचायत भौंरा में पंच पद के लिए लड़ा। जीतने के बाद भाजपा महिला मोर्चा की मंडल उपाध्यक्ष बनीं। राजनीति के साथ ही सरस्वती शिशु मंदिर में दो साल तक निश्शुल्क अध्यापन किया।इसके बाद भाजपा संगठन ने नया दायित्व सौंप दिया तो पढ़ाना छोड़ राजनीति में कुछ और सक्रिय हो गईं। नारोलिया का कहना है कि जनता को मूलभूत सुविधाएं मिलें यही मेरा उद्देश्य है।