बाजार से घर लौट रही ग्रामीण महिला को दोपहिया ने ठोका

कोरबा। लामपहाड़ गांव की एक महिला सडक़ हादसे में घायल हो गई। उसके पैर में फ्रैक्चर आया है। मामले की जानकारी होने पर डॉयल 112 मौके पर पहुंची और पीडि़ता को अस्पताल पहुंचाया। उसका उपचार जारी है।
पीडि़ता का नाम निगीबाई बताया गया है जो भारत सरकार द्वारा विशेष संरक्षित पहाड़ी कोरवा जनजाति समुदाय का हिस्सा है। कोरबा जिले के लेमरू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लामपहाड़ में उसका घर है। महिला साप्ताहिक बाजार से जरूरी चीजें खरीदने के लिए डोकरमना गई हुई थी जो उसके गांव से कुछ दूरी पर है। बाजार करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी। रास्ते में उसे एक बाइक चालक ने टक्कर मार दी जिससे महिला घायल हो गई। एक राहगीर ने महिला को इस स्थिति में देखा और इसके बाद डॉयल 112 को जानकारी दी। कुछ देर के बाद लेमरू थाना से सरकारी सेवा उसे प्राप्त हुई। पीडि़ता को कोरबा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर प्राथमिकता के साथ उसे चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
बना है हेल्प डेस्क
संरक्षित जनजातियों से संबंधित मामलों को लेकर प्रशासन और उसके विभाग अलर्ट मोड पर है। पूर्व में हुई घटनाओं और इन पर हुई कार्रवाई को लेकर हर कोई सतर्क है। इसी इरादे से मेडिकल कॉलेज में पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, धनुहार और पंडो जनजातियों को लेकर हेल्पडेस्क बनाई गई है। इसके अंतर्गत गंभीर मामले यहां आने के साथ ही पूरी जानकारी आगे पहुंच जाती है कि इनमें करना क्या है। उक्तानुसार ऐसे लोगों को सही मार्गदर्शन देने के साथ समस्त उपचार और अन्य आवश्यक सामाग्री नि:शुल्क प्रदान की जाती है।

RO No. 13467/10