
हसौद । ग्राम हसौद में बच्चों के बेहतर शिक्षा के लिए स्वामी अत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन का निर्माण कार्य चल रहा है जिसमें बड़े पैमाने पर गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। स्कूल भवन निर्माण कार्य में गुणवत्ताहीन सामग्रियों का उपयोग किया जा रहा है और कार्य भी धीमी गति से हो रहा है। भवन निर्माण को शुरू हुए एक महीने हो गए है लेकिन अब तक योजना से संबंधित बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। किस विभाग से और कितनी लागत से कार्य हो रहा है और कौन सा भवन का निर्माण हो रहा है इसकी भी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। निर्माण कार्य की मानिटरिंग के लिए न तो इंजीरियर मौके पर दिखते न ठेकेदार । मिस्त्री और मजदूरों द्वारा कार्य किया जा रहा है। भवन निर्माण में गुणवत्ताहीन ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। वहीं कई महीने तक रखे होने से जम चुके सीमेंट का उपयोग ईंट जोड़ाई के लिए हो रहा है। ऐसे में मजबूत भवन कैसे बनेगा। इसको लेकर संशय है। इस संबंध इंजीनियर आशुतोष पटेल को जानकारी दी गई तो उन्होंने कहा की अगर गुणवत्ता हीन सामग्रियों का उपयोग भवन निर्माण में में हो रहा है तो इसकी जांच की जाएगी। खराब हुए सीमेंट के बारे में उन्होंने कहा कि नये सीमेंट आने तक कार्य बंद रहेगा मगर यहां केवल एक दिन कार्य को बंद रखा गया और दूसरे दिन फिर उसी सीमेंट का उपयोग भवन निर्माण में होने लगा । भवन निर्माण कार्य में इंजीनियर और ठेकेदार की मनमानी का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। इस सबंध में आपके माध्यम से जानकारी मिली है। स्कूल भवन में चल रहे निर्माण कार्यों की जांच की जाएगी और निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर ठेकेदार और इंजीनियर पर कार्रवाई की जाएगी। नुपूर राशि पन्ना कलेक्टर सक्ती



















