
मास्को, २४ फरवरी । दो साल से जारी यूक्रेन युद्ध और गाजा युद्ध के चलते विश्व में बढ़े तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा, विपरीत परिस्थितियों में भी रूस ने अपने रणनीतिक परमाणु बल के आधुनिकीकरण का 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है।रूसी वायुसेना को हाल ही में उन्नत क्षमताओं वाले चार तरह के नए सुपरसोनिक बमवर्षक विमानों की आपूर्ति की गई है। ज्यादा ऊंचाई पर आवाज से तेज गति से उडऩे वाले ये विमान परमाणु हथियारों से हमला करने में सक्षम होते हैं। पुतिन का यह बयान रूस द्वारा अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों की तैनाती की चर्चाओं के बीच आया है। राष्ट्रपति पुतिन ने अपने देश की परमाणु क्षमता पर यह बयान शुक्रवार को रूसी सेना के वार्षिक डिफेंडर आफ द फादरलैंड डे के अवसर पर दिया है। उन्होंने साफ किया कि रूस की परमाणु क्षमता धरती, आकाश और समुद्र में सर्वोत्कृष्ट है और उसका आधुनिकीकरण कर उसे हमेशा विश्व में सबसे आगे रखा जाएगा। इससे एक दिन पहले ही रूसी वायुसेना ने परमाणु हमले में सक्षम उन्नत क्षमताओं वाले बमवर्षक विमान टीयू-160 को उड़ाकर दिखाया था। इस मौके पर पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध लड़ रहे सैनिकों की वीरता की खासतौर पर सराहना की। कहा, यह सैन्य कार्रवाई सत्य और न्याय के लिए हो रही है और रूस इसे अंजाम तक पहुंचाकर ही रुकेगा। पुतिन ने क्रेमलिन वाल के पास बने युद्ध स्मारक में जाकर यूक्रन में मारे गए सैनिकों को श्रद्धांजलि भी दी। पुतिन ने कहा, हम हर तरीके अपनाकर अपनी सेना को मजबूत करने का अभियान जारी रखेंगे। इसके लिए नए शोध कार्यों और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। रूसी सरकार ने इसके लिए शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति का लक्ष्य रखा है।






























