
बलिया, 27 फरवरी। बलिया उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, दोकटी थाना के सुघर छपरा मोड़ के पास मंगलवार की भोर में तेज रफ्तार पिकअप ने दो कमांडर जीप में टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गए। पीडि़त एक समारोह में शामिल होकर एक कार से लौट रहे थे। सभी लोग भगवानपुर गांव के रहने वाले अनवत गुप्ता की लड़की का तिलक चढ़ाने के लिए मासूमपुर थाना खेजुरी गए थे। देर रात वापस लौटते समय सुघर छपरा मोड़ के पास गलत दिशा से आ रही टमाटर लदी पिकअप ने दोनों जीप में टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद जीप में फंसे लोगों की चीखें सुन आसपास और वहां से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस एवं एम्बुलेंस को दी। घटना के बाद पिकअप का चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को सोनबरसा भेजवाया, वहां हालत गम्भीर देख जिला अस्पताल को रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा, सीओ बेरिया उस्मान अहमद, कोतवाल संजय सिंह अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना साथ ही बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई है, कई घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।



















