
जयपुर, २८ फरवरी । राजस्थान में दौसा जिले की दो जुड़वां बहनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर माता-पिता का तबादला जयपुर में करवाने का आग्रह किया है। करीब 12 साल उम्र की अर्चिता और अर्चना ने पीएम को लिखे पत्र में कहा कि हमारे माता-पिता को नौकरी के कारण हमसे दूर रहना पड़ता है। हम दोनों बहनों को उनकी बहुत याद आती है।उन्होंने लिखा कि पिता चौहटन में लेखाधिकारी और मां बलोतरा में शिक्षक हैं। दोनों बहने दौसा में चाचा-चाची के साथ रहती हैं। ऐसे में माता-पिता से कई दिनों बाद मिलना होता है। उनसे मिलने के लिए परेशान रहते हैं।उन्होंने कहा, यदि माता-पिता का तबादला जयपुर कर दिया जाए तो हम सब एक साथ रह सकेंगे और हम दोनों बहनों की पढ़ाई भी सही हो सकेगी। हम दोनों माता-पिता के साथ रहकर उनका नाम रोशन करना चाहते हैं। दोनों बहनों ने माता-पिता, घर और खुद का स्कैच भी बनाया है। दोनों बहनों का भावुक पत्र इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पत्र में उन्होंने आगे लिखा कि आपके कई अभियान जैसे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ व सुकन्या समृद्धियोजना आदि के बारे में सुना है। हमको इनसे प्रेरणा मिली है।




















