
जांजगीर-चांपा। हसदेव नदी किनारे चाम्पा पाढ़ीघाट के पास स्थित मंदिर में एक महिला एक बाल्टी पानी और एक थैला लेकर जाती है। मंदिर में स्थापित भगवान शंकर में पहले पानी चढ़ाती है फिर मंदिर से राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान की प्रतिमा को थैले में भरकर चोरी कर लेती है। पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें एक महिला दिखाई दी। पुलिस आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला चांपा थाना का है। पुलिस के अनुसार चांपा के पाढ़ी घाट हसदेव नदी किनारे मंदिर से भगवान राम, माता जानकी, लक्ष्मण, हनुमान की मूर्ति 27 फरवरी की सुबह 9.30 बजे के करीब चोरी हो गई। दूसरे दिन 28 फरवरी को मंदिर से प्रतिमा की चोरी होने की जानकारी होने पर नीम चौक सोनारपारा चाम्पा निवासी श्रीधर सोनी ने चांपा थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध भादवि की धारा 380 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाली तो उसमें एक महिला की गतिविधि संदिग्ध मंदिर से राम दरबार की मूर्ति चोरी होने पर पुलिस के होश उड़ गए थे। एक माह पहले ही 22 जनवरी को अयोध्या में राम जन्मभूमि पर रामलला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी उसी दिन यहां भी इस राम दरबार की प्रतिमा स्थापित की गई थी।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी विवेक शुक्ला ने आरोपी की तलाश करने के लिए दिशा निर्देश दिए । सीसीटीवी खंगालने पर एक महिला नजर आई। महिला की पहचान नीम चौक निवासी संतोषी सोनी के रूप में की गई। पहले तो महिला ने पुलिस को खूब छकाया। फिर पूछताछ में उसने बताया कि एक बाल्टी पानी और एक थैला लेकर वह सुबह 9.30 बजे के करीब मंदिर गई थी। पहले भगवान शंकर में पानी चढ़ाई फिर मंदिर से राम लक्ष्मण, सीता, हनुमान की राम दरबार की प्रतिमा उसे अच्छी लगी इसलिए थैले में भरकर चोरी कर ले आई। उसने अपना जुर्म स्वीकार किया और अपने घर से चोरी गई भगवान की मूर्ति को निकाल कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी महिला संतोषी सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।




















