जिले के सात समेत 37 कॉलेजों ने नहीं दी एजुकेशन सर्वे की जानकारी

कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी बिलासपुर के कुलसचिव द्वारा जारी एक सूचना के अनुसार यूनिवर्सिटी से संबद्ध 37 कॉलेजों ने समय पर ऑल इंडिया सर्वे ऑन हायर एजुकेशन (एआईएसएचई) पोर्टल पर मांगी गई जानकारी नहीं दी। शैक्षिक विकास के विभिन्न संकेतक जैसे- संस्थान घनत्व, सकल नामांकन अनुपात, छात्र-शिक्षक अनुपात, लैंगिक समानता सूचकांक, प्रति छात्र व्यय की गणना भी इस पोर्टल के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़ों के आधार पर की जाती है, जो प्रभावित होती है। यह शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए सूचित नीतिगत निर्णय लेने और अनुसंधान करने में काफी उपयोगी होता है। बहरहाल कॉलेजों से मांगे गए डाटा के आधार पर प्रदेश की स्थिति स्पष्ट होती है। कुलसचिव शैलेन्द्र दुबे के अनुसार कॉलेज प्रबंधन को अपनी जानकारी वेब डीसीएफ के माध्यम से अपलोड करने के लिए 10 मार्च 2024 तक का समय दिया गया था। लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने पोर्टल पर चाही गई जानकारी अपलोड नहीं की। कॉलेज प्रबंधन की सुविधा के लिए यूनिर्वसिटी ने पुन: तिथि बढ़ाए हैं। इसके बाद भी अगर कोई कॉलेज जानकारी अपलोड नहीं करते हैं तो इसके लिए संबंधित कॉलेजों के प्राचार्य जिम्मेदार होंगे। साथ ही कॉलेजों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा सकती है।

RO No. 13467/11