
सूरजपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर में तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई है, वहीं एक युवक की हालत गंभीर है। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग निकले। चारों युवक खरसुरा गांव से होली खेलकर लौट रहे थे। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 8 बजे उदयपुर से 2 किलोमीटर दूर सूरजपुर मार्ग पर पलका टावर के पास सूरजपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 14 एमएल 5110 ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। कार की टक्कर से बाइक सवार चारों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण रवि किंडो निवासी शिवनगर की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर उदयपुर थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर और उनकी टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना किया गया। यहां तीनों युवकों को प्राथमिक इलाज देने के बाद गंभीर रूप से घायल दो युवकों सचिन और संदीप को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। हालत ज्यादा गंभीर होने पर सोमवार देर रात दोनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अंबिकापुर से रायपुर रेफर किया गया। दोनों युवकों ने रायपुर ले जा जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में रवि किंडो और संदीप शिवनगर गांव और सचिन ग्राम सलवा का रहने वाला था। हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक (क्रमांक सीजी 15 सीपी 5496) को पुलिस ने जब्त कर लिया है। ग्राम सलवा के ही रहने वाले एक और युवक विनय की हालत गंभीर है। उसका इलाज किया जा रहा है। इधर रात में ही एसडीएम बीआर खांडे भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। शवों को उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।



























