अहमदाबाद। गुजरात में केंद्रीय मंत्री परशोत्तम रुपाला की विवादित टिप्पणी से नाराज राजपूत समाज की महिलाओं ने राजकोट में शनिवार को महारैली निकाली। वहीं द्वारिका में युवकों ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के समक्ष काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी को लेकर राजपूत समाज की कई महिलाओं ने जौहर करने की चेतावनी दी। अहमदाबाद के गोता में स्थित राजपूत सभा भवन में महिला पुलिस ने उन्हें रोक लिया। राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महीपाल सिंह मकराणा भी इन महिलाओं को समझाने तथा आंदोलन को देशव्यापी बनाने की रणनीति पर चर्चा के लिए अहमदाबाद पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया।उन्हें मकराणा को शाहीबाग पुलिस आयुक्त मुख्यालय ले जाया गया। कुछ घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया।